शाहजहांपुर। पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित काउंसलिंग सत्र में एक दंपती के बीच चल रहा विवाद सुलझा लिया गया। आपसी सहमति बनने के बाद दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया, जिससे एक परिवार टूटने से बच गया।
परामर्श केंद्र में कुल 21 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें थाना रोजा क्षेत्र का एक मामला प्रमुख रहा, जहां पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। विवाह को करीब दो वर्ष बीत चुके थे, लेकिन मतभेद के चलते पत्नी बीते एक माह से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर शराब के नशे में मारपीट करने का आरोप लगाया था।
दोनों पक्षों को केंद्र पर बुलाकर परामर्शदाताओं ने विस्तार से बातचीत की और आपसी संवाद स्थापित कराया। समझाइश के बाद दंपती ने अपने मतभेद भुलाकर साथ रहने की सहमति दी।
परामर्श केंद्र की पहल से जहां एक परिवार को बिखरने से बचाया जा सका, वहीं अन्य मामलों में भी सुलह के प्रयास जारी हैं।


