लोहिया अस्पताल की ओपीडी में चिकित्सकों के न मिलने से मरीजों को भारी परेशानी, बिना दवा लौटे दूर-दराज के मरीज

0
68

फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय की ओपीडी में शुक्रवार को चिकित्सकों की अनुपस्थिति के कारण दूर-दराज से आए अनेक मरीजों को बिना इलाज के ही लौटना पड़ा। सुबह से ही कतारों में खड़े मरीज चिकित्सक का इंतजार करते रहे, लेकिन ओपीडी में डॉक्टर न मिलने से मरीजों में भारी रोष देखने को मिला।
कई मरीज सुबह 9 बजे से अपनी बारी की प्रतीक्षा में बैठे रहे, लेकिन चिकित्सकों के न आने पर उन्हें बिना दवा और परामर्श के ही घर लौटने की मजबूरी बनी। कुछ बुजुर्ग और गंभीर रोगियों की स्थिति ओपीडी में भटकते-भटकते और भी खराब होती दिखाई दी।
जब इस बारे में अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. जगमोहन शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि: सर्जन डॉ. रोहित तिवारी छुट्टी पर हैं। डॉ. ध्रुव राज भी अवकाश पर हैं। डॉ. मनोज पांडे और डॉ. प्रज्ञा मिश्रा कारागार में मेडिकल परीक्षण के लिए गए हैं, जहां एक बंदी का बोर्ड से मेडिकल होना था। डॉ. अंकित मिश्रा वीआईपी ड्यूटी पर गए हैं। डॉ. जय सिंह की पोस्टमार्टम ड्यूटी लगी है। डॉ. विवेक सक्सेना के संबंध में सीएमएस विस्तृत जानकारी नहीं दे सके। इन कारणों से ओपीडी में किसी भी चिकित्सक की ड्यूटी उपलब्ध नहीं हो सकी।
ओपीडी में वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. दलबीर सिंह और चिकित्सक डॉ. अंशुल गौतम ही मरीजों को देखने के लिए मौजूद थे, लेकिन अत्यधिक मरीजों की संख्या के कारण वे सभी का उपचार नहीं कर सके।
मरीजों ने कहा कि उन्हें कई किलोमीटर दूर से आने के बाद भी इलाज नहीं मिल पाया। कई लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि “अगर इतने डॉक्टर छुट्टी पर थे या दूसरी ड्यूटी पर लगे थे तो अस्पताल प्रशासन ने पहले से वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की?”
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन पर ओपीडी व्यवस्था सुधारने और चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का दबाव बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पताल पर ही भरोसा करने वाले गरीब मरीजों को ऐसी लापरवाही का शिकार नहीं होना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here