फर्रुखाबाद। बुधवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में जांच कराने आए मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे अस्पताल परिसर में अव्यवस्था का माहौल बन गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मरीजों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई।
बताया जा रहा है कि सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीज जांच कराने के लिए अस्पताल पहुंचने लगे थे। भीड़ बढ़ने के साथ ही व्यवस्था चरमराने लगी और लाइन को लेकर मरीजों के बीच विवाद होने लगा। इसी दौरान महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों को आगे आना पड़ा। उन्होंने तत्काल महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगवाई, जिसके बाद धीरे-धीरे व्यवस्था बहाल हो सकी।
भीड़ अधिक होने के कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मरीजों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन की उचित व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके चलते आए दिन इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न होती है।
लोहिया अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में उमड़ी भीड़, अव्यवस्था पर मरीजों का हंगामा


