क्रासर
बेहतर सफाई होने से चमक रहा लोहिया अस्पताल, मशीनों से की जा रही सफाई
फर्रुखाबाद। जिले में नवागत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के कार्यभार ग्रहण करने के बाद स्वास्थ्य विभाग में सक्रियता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि वह किसी भी समय डॉ. राममनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर सकते हैं। इसे देखते हुए अस्पताल प्रशासन और सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने में जुट गए हैं।
अस्पताल में प्रतिदिन मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। वहीं साफ-सफाई को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अस्पताल परिसर में स्वच्छ वातावरण बना रहे और आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बुधवार को अस्पताल परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान वार्डों, गलियारों, फर्श पर लगी पत्थर की टाइल्स, खिड़कियों के शीशों तथा अन्य स्थानों की विशेष रूप से सफाई कराई गई। सफाई कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर के विभिन्न हिस्सों में जमा धूल और गंदगी को हटाकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया।
अस्पताल में सफाई कार्य का जिम्मा संभाल रहे ठेकेदार अशोक यादव ने बताया कि उनकी टीम प्रतिदिन सुबह से ही नियमित रूप से सफाई कार्य में जुट जाती है। उन्होंने कहा कि अधिकारी निरीक्षण करें अथवा न करें, मरीजों और तीमारदारों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कई बार मरीजों के साथ आने वाले बच्चे और तीमारदार अनजाने में गंदगी फैला देते हैं, जिसे सफाई कर्मचारी तत्काल साफ कराते हैं।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी उच्च अधिकारियों द्वारा लोहिया अस्पताल का निरीक्षण किया जा चुका है, जिसमें अस्पताल की सफाई व्यवस्था को संतोषजनक और बेहतर बताया गया था। अब नवागत सीएमओ के संभावित दौरे को देखते हुए अस्पताल प्रशासन किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के प्रयास में जुटा हुआ है। इससे अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अतिरिक्त सतर्कता देखी जा रही है।
नवागंतुक सीएमओ के संभावित निरीक्षण को लेकर लोहिया अस्पताल में बढ़ी सतर्कता


