इटावा। प्रदेश की चर्चित इटावा सफारी पार्क में बब्बर शेरों की संख्या और ब्लडलाइन मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सफारी प्रबंधन द्वारा हरियाणा के रोहतक जू से शेरनी ‘सुधा’ को इटावा लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके बदले सफारी से बब्बर शेर ‘अज्जू’ को रोहतक भेजा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सफारी की विशेष टीम बब्बर शेर को लेकर हरियाणा के लिए रवाना हो चुकी है। इटावा पहुंचने के बाद शेरनी सुधा को यहां मौजूद नर शेर ‘सिंबा’ और ‘सुल्तान’ की मेटिंग पार्टनर बनाया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इससे सफारी में बब्बर शेरों की नई और मजबूत ब्लडलाइन विकसित करने में मदद मिलेगी।
सफारी प्रशासन का कहना है कि वन्यजीव संरक्षण और प्रजनन कार्यक्रम के तहत यह आदान-प्रदान किया जा रहा है। विशेषज्ञों की निगरानी में शेरों के स्वास्थ्य, अनुकूल वातावरण और जेनेटिक विविधता को ध्यान में रखते हुए पूरी प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आने वाले समय में बिहार के राजगीर से भी एक नर बब्बर शेर इटावा सफारी लाया जाएगा। इससे सफारी में शेरों की संख्या और आनुवंशिक विविधता दोनों को मजबूती मिलेगी।
इटावा लायन सफारी देश की प्रमुख सफारियों में गिनी जाती है और यहां आने वाले पर्यटकों के बीच बब्बर शेर मुख्य आकर्षण का केंद्र रहते हैं। वन्यजीव प्रेमियों का मानना है कि नए शेरों और शेरनियों के आने से सफारी की लोकप्रियता और बढ़ेगी।


