बच्चों का हुआ स्वागत, निकली जागरूकता रैली व किया गया वृक्षारोपण
फर्रुखाबाद। विकासखंड मोहम्मदाबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरगांव में बुधवार को “स्कूल चलो अभियान” के द्वितीय चरण का शुभारंभ उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव रहीं। विद्यालय पहुंचने पर नवप्रवेशी बच्चों का फूल-मालाएं पहनाकर एवं तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया। अभियान के तहत शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने गांव में जागरूकता रैली निकालकर अभिभावकों से प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों ने वृक्षारोपण भी किया।
मुख्य अतिथि मोनिका यादव ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अभिभावकों से सरकारी विद्यालयों पर भरोसा जताते हुए बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग का प्रयास है कि जनपद का कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे। इसके लिए शिक्षकों, ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों के सहयोग से घर-घर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों से अभियान को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, ग्राम प्रधान कुंतेश यादव, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शिक्षा का अलख जगाने, अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।


