एटा: थाना अलीगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुमोर में देसी शराब की दुकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने छत काटकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम सुमोर निवासी भानु प्रताप सिंह पुत्र श्याम सिंह ने थाना अलीगंज में दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार तड़के लगभग तीन बजे दुकान पर तैनात सेल्समैन विशाल पाल का फोन आया। उसने सूचना दी कि सासोता स्थित कुलदीप सिंह के नाम से संचालित देसी शराब की दुकान में चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही भानु प्रताप सिंह अपने साथी शिवम पुत्र शिव कुमार के साथ तत्काल दुकान पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि दुकान की छत काटकर अंदर रखा माल बाहर निकाला गया था। दुकान के भीतर और बाहर शराब की पेटियां बिखरी पड़ी थीं। चोर व्यवस्थित तरीके से माल समेटकर ले जाने की तैयारी में थे। पीड़ित ने तत्काल थाना अलीगंज के सीयूजी नंबर पर सूचना दी। इसी बीच चोर दोबारा वाहन लेकर बचे हुए माल को भरने पहुंचे।
भानु प्रताप सिंह और उनके साथियों ने साहस दिखाते हुए चोरों की गाड़ी रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चोर कम्पिल रोड स्थित बिजलीघर के पास भागने लगे। पीछा करते समय भानु प्रताप सिंह की बाइक फिसल गई, जिससे वह गिर पड़े, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और पुनः पीछा जारी रखा। पीछा होते देख आरोपी रास्ते में कुछ माल छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार चोर लगभग 60 पेटी देसी शराब, दो पेटी बियर, करीब 2800 रुपये नकद तथा दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर अपने साथ ले गए। डीवीआर चोरी होने से पुलिस को फुटेज मिलने में कठिनाई आ सकती है। हालांकि पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। क्षेत्रीय लोगों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


