फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के गांव खिमसेपुर में शुक्रवार को बारिश के दौरान करंट की चपेट में आने से 57 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे में बकरी की भी मौके पर ही मौत हो गई। बकरी को बचाने के प्रयास में मजदूर करंट की चपेट में आया था।
गांव निवासी जयवीर की बकरी घर के बाहर बंधी थी। शुक्रवार को हल्की बारिश के दौरान बिजली के केबल में करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से बकरी तड़पने लगी। पड़ोस में बैठे जयवीर के भाई फूल सिंह (57) बकरी को बचाने के लिए पहुंचे। जैसे ही उन्होंने बकरी को हटाने का प्रयास किया, वह भी करंट की चपेट में आ गए।
करंट लगने से फूल सिंह और बकरी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद जयवीर ने लाइनमैन को सूचना दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।
फूल सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी पत्नी का करीब चार वर्ष पहले निधन हो चुका है। उनके दो पुत्र विपिन कुमार और रवि कुमार हैं। हादसे के समय विपिन किसी काम से कानपुर गया हुआ था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरोगा बलवीर सिंह की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बारिश में बकरी को बचाने गए मजदूर की करंट लगने से मौत, बकरी भी मरी


