लखनऊ: सपा और कांग्रेस (Congress-SP) गठबंधन को लेकर डिप्टी सीएम केशव मौर्य (Keshav Maurya) ने करारा हमला बोला है। उन्होंने दोनों दल के गठबंधन को परिवारवादी बताया। 2027 विधानसभा चुनाव में दोनों दलों के सुपड़ा साफ होने की बात कही और दावा किया कि भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ उत्तरप्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी।
केशव मौर्य ने कहा, सपा और कांग्रेस में परिवारवाद के अलावा कोई साम्यता नहीं है। दोनों दलों में आपस में न कोई भरोसा है और न ही कोई तालमेल, उनके बीच एक ‘अवसरवादी मेल’ है। जनता 2017 में इनके ‘स्वार्थी ठगबंधन’ की हवा निकाल चुकी है। 2027 में इनका राजनीतिक सूपड़ा साफ होना तय है।
आगे उन्होंने ये भी कहा कि जनता अच्छी तरह से समझ चुकी है कि सपा-कांग्रेस का मतलब है परिवारवाद, तुष्टीकरण और पिछड़ेपन की राजनीति। वहीं भाजपा विकास, सुशासन, सुरक्षा और गरीब कल्याण के दम पर जनता का भरोसा जीत रही है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश की जनता ने 2027 में फिर प्रचंड बहुमत से तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का मन बना लिया है।


