31.4 C
Lucknow
Friday, October 16, 2026

कोल्ड स्टोरेज में आलू अंकुरित होने से किसानों को नुकसान, मुआवजे की मांग

Must read

शमशाबाद/फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र के कस्बा फैजबाग स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में भंडारित आलू में बड़े-बड़े अंकुर निकलने से किसानों को नुकसान होने का मामला सामने आया है। आलू निकालने पहुंचे किसानों ने जब फसल की हालत देखी तो वे नाराज हो गए। किसानों ने कोल्ड स्टोरेज कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खराब हुए आलू के नुकसान की भरपाई करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि उन्होंने हजारों रुपये भाड़ा इस उम्मीद में दिया था कि आलू सुरक्षित रहेगा, लेकिन बाहर निकालने पर उसमें बड़े-बड़े किल्ले निकले हुए थे।
किसानों के अनुसार, फैजबाग स्थित कोल्ड स्टोरेज में क्षेत्र के दर्जनों गांवों के किसानों ने आलू का भंडारण कराया था। शमशाबाद विकासखंड के रजलामई गांव निवासी आशीष कुमार पुत्र अजय वीर सिंह ने भी फरवरी माह में यहां आलू रखा था। इन दिनों खेतों में आलू की गढ़ाई का सीजन चल रहा है। खेतों की जुताई और मड़ाई का काम पूरा होने के बाद किसान भंडारित आलू निकालकर गढ़ाई की तैयारी कर रहे हैं। इसी सिलसिले में आशीष कुमार कोल्ड स्टोरेज पहुंचे तो आलू में बड़े-बड़े अंकुर निकले हुए थे। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। आरोप है कि कर्मचारियों ने गैस में गड़बड़ी होने के कारण आलू में अंकुर निकलने की बात कही।
दलेरगंज गांव निवासी अनुराग ने भी कर्मचारियों की लापरवाही पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि फरवरी में उन्होंने भी कोल्ड स्टोरेज में आलू भंडारित कराया था। गढ़ाई के लिए भाड़ा जमा कर आलू निकलवाया तो उसमें बड़े-बड़े अंकुर निकले हुए थे। वहीं, नगला सेठ गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने चिप्सोना किस्म के आलू का भंडारण कराया था, जिसे शुगर फ्री आलू भी कहा जाता है। गढ़ाई के लिए आलू निकलवाने पर उसमें भी बड़े-बड़े किल्ले मिले।
किसानों ने आरोप लगाया कि कोल्ड स्टोरेज में उचित तापमान बनाए रखने के लिए जनरेटर का सही ढंग से संचालन नहीं किया गया, जिसके कारण आलू अंकुरित हो गया। हालांकि, आलू में अंकुर निकलने के कारणों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। किसानों का कहना है कि भंडारण के लिए भाड़ा चुकाने के बावजूद उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कोल्ड स्टोरेज संचालक से खराब हुए आलू की कीमत की भरपाई करने की मांग की है।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनके नुकसान की भरपाई नहीं की गई तो वे प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत करेंगे। कुछ किसानों ने इस मामले को जिलाधिकारी फर्रुखाबाद के समक्ष उठाकर न्याय की गुहार लगाने की बात भी कही है। किसानों का कहना है कि उनकी मेहनत और लागत को देखते हुए मामले की जांच कर नुकसान की भरपाई कराई जानी चाहिए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article