कानपुर। रामनवमी के पावन पर्व को लेकर कानपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शहर में निकलने वाले करीब 45 शोभायात्राओं और जुलूसों को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सेंट्रल जोन को विशेष रूप से संवेदनशील मानते हुए यहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की लगातार निगरानी बनी हुई है।
आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए इस बार सुरक्षा को और मजबूत किया गया है।
जुलूसों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया गया ,पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से नजर रखी गईं।
इसके साथ ही, पुलिस द्वारा प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग, सघन चेकिंग अभियान और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के लिए विशेष टीमें भी लगाई गई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जुलूसों के रूट पहले से तय किए गए हैं और सभी आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। साथ ही, सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है, जिससे अफवाहों को समय रहते रोका जा सके।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।


