तिर्वा कन्नौज : नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज कन्नौज ने जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। कॉलेज के नवोत्थान स्टार्टअप फाउंडेशन-इन्क्यूबेशन सेंटर को यूपी स्टार्टअप संवाद 3.0 में प्रतिष्ठित ‘एकेटीयू प्रॉमिसिंग इनक्यूबेटर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। लखनऊ स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने यह सम्मान प्रदान किया।
कार्यक्रम में एकेटीयू के कुलपति प्रो. जेपी पांडेय और अटल इनोवेशन मिशन के मिशन डायरेक्टर डॉ. दीपक बागला समेत कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। यह सम्मान नवोत्थान स्टार्टअप फाउंडेशन द्वारा युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा स्टार्टअप को मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के प्रयासों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
कॉलेज निदेशक प्रो. मनोज कुमार शुक्ला ने इस उपलब्धि पर इन्क्यूबेशन सेंटर के निदेशक डॉ. रविश सिंह राजपूत, डॉ. बीडीके पात्रो, समन्वयक डॉ. विजय कुमार तिवारी और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि मेंटर्स, फैकल्टी, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, नवप्रवर्तकों और पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि नवोत्थान स्टार्टअप फाउंडेशन आगे भी युवाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराकर नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेगा।


