फर्रुखाबाद। थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम नगला दाउद सरैया निवासी सलमान पुत्र दराज मोहम्मद ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार उसकी जमीन, जो गाटा संख्या 00148 में दर्ज है, पर कमालगंज निवासी विजय प्रकाश चौरसिया द्वारा कथित रूप से अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
सलमान का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत पहले ही 08 जनवरी 2026 को आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से थाना कमालगंज में की थी। उस समय पुलिस द्वारा दी गई रिपोर्ट में जमीन को खाली बताया गया था। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि पिछले 5-6 दिनों से उक्त भूमि पर तेजी से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
पीड़ित ने बताया कि लगातार हो रहे निर्माण कार्य को रुकवाने के लिए उसने 17 अप्रैल 2026 को एक और प्रार्थनापत्र आईजीआरएस संख्या 40015926006963 के माध्यम से उपजिलाधिकारी सदर फतेहगढ़ को भेजा, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सलमान का आरोप है कि विपक्षीगण प्रशासन की अनदेखी का फायदा उठाकर लगातार निर्माण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य नहीं रोका गया, तो कोई अप्रिय घटना भी घट सकती है।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य को रुकवाया जाए और संबंधित भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, शिकायत के बावजूद जारी निर्माण कार्य


