फर्रुखाबाद। लोहाई रोड स्थित सरीन नर्सिंग होम में समाजसेवी डॉ. भूपेन्द्र नाथ सरीन का 79वां जन्मदिवस श्रद्धा और भावुक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई धर्मगुरुओं ने सर्वधर्म प्रार्थना कर डॉ. सरीन के सामाजिक योगदान और व्यक्तित्व को याद किया। नगर के गणमान्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में पं. सुरेन्द्र पाण्डेय, सूफी संत पप्पन मियां, पादरी रेव. फिन मसीह और ज्ञानी विकास सिंह ने मंगलाचरण, स्वस्तिवाचन एवं पवित्र दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। धर्मगुरुओं ने कुरान की आयतों, बाइबिल के पवित्र वचनों और गुरु वाणी के माध्यम से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उदयपाल ने सभी धर्मगुरुओं को उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया।
इस दौरान डॉ. भूपेन्द्र नाथ सरीन और डॉ. रजनी सरीन के व्यक्तित्व एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि दोनों ने चिकित्सा सेवा के साथ समाजसेवा को भी जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बनाया। संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री सुरेन्द्र पाण्डेय ने डॉ. भूपेन्द्र नाथ सरीन को भारतीय कला एवं संस्कृति का संरक्षक बताते हुए कहा कि उनका योगदान लोगों के दिलों में सदैव अंकित रहेगा।
सूफी संत पप्पन मियां ने डॉ. रजनी सरीन को गरीबों की मसीहा बताते हुए कहा कि उन्होंने जरूरतमंदों की सेवा को हमेशा प्राथमिकता दी। पादरी फिन मसीह ने कहा कि जो लोग अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के लिए जीते और सेवा करते हैं, उन्हें समाज हमेशा याद रखता है। ज्ञानी विकास सिंह ने गुरु वाणी के साथ शांति पाठ किया।
पर्यावरणविद् गुंजा जैन ने जैन धर्म के मंत्रों के साथ आत्मशांति की प्रार्थना की। अन्य वक्ताओं ने भी डॉ. भूपेन्द्र नाथ सरीन और डॉ. रजनी सरीन के सामाजिक एवं सेवा कार्यों को याद करते हुए उनके अधूरे संकल्पों को आगे बढ़ाने की बात कही।
डॉ. भूपेन्द्र नाथ सरीन की सुपुत्री डॉ. पायल ने उपस्थित सभी गणमान्य लोगों का स्वागत किया। विदेश में मौजूद उनके सुपुत्र डॉ. अंकित सरीन, डॉ. कोयल और डॉ. सुची आनंद सरीन ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में डॉ. अंजलि गोस्वामी, उदयपाल, विजय, डॉ. प्रिया पाठक, डॉ. संजीव मौर्य, डॉ. उमाशंकर तिवारी, अजय कुमार, अनिल कुमार, गौरव, रजत, आशु, सुरजीत, राधा देवी, राहुल कश्यप, शालिनी, भूमि, दिनेश बाथम, पवन कटियार, रंजना, आकाश कश्यप सहित सैकड़ों गणमान्य लोगों और सरीन नर्सिंग होम के स्टाफ ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी संजय गर्ग ने किया। अंत में सभी ने परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ओम शांति का उद्घोष किया।
डॉ. भूपेन्द्र नाथ सरीन की 79वीं जयंती पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा, गणमान्य लोगों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन


