फर्रुखाबाद। आईटीआई चौराहे से सातनपुर मंडी जाने वाले मार्ग पर निर्माणाधीन सीसी सड़क की ऊंचाई में अंतर हादसे की वजह बन गया। हनुमान मंदिर के पास धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली पर सवार तीन लोग सड़क पर गिर पड़े, लेकिन गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद ट्रैक्टर का इंजन गायब होने से मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी रही। करीब आधे घंटे की तलाश के बाद इंजन आईटीआई बिजलीघर परिसर में खड़ा मिला।
जानकारी के अनुसार, थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के महमदपुर निवासी बृजमोहन गांव के जयवीर और अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लादकर सातनपुर मंडी जा रहे थे। आईटीआई चौराहे के पास हनुमान मंदिर के निकट पहुंचने पर सड़क की ऊंचाई में अंतर होने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान जयवीर, राहुल और बबलू सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि तीनों को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना के बाद बिजली विभाग की हाइड्रा मशीन की मदद से पुलिस की मौजूदगी में ट्रॉली को सीधा कराया गया। इसी बीच ट्रैक्टर का इंजन मौके से गायब हो गया, जिससे वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। इंजन की तलाश शुरू की गई तो करीब आधे घंटे बाद वह आईटीआई बिजलीघर परिसर में खड़ा मिला। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ट्रैक्टर का इंजन लेकर वहां पहुंचा था और अपनी बाइक आईटीआई चौराहे के पास छोड़ गया था। हालांकि, इंजन ले जाने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। इंजन मिलने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को दोबारा तैयार कर धान सहित सातनपुर मंडी भेज दिया गया।
ट्रैक्टर ले जाने वाले व्यक्ति के नशे में होने की चर्चा भी रही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। मौके पर पहुंचे यातायात उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने ट्रैक्टर का चालान किया।
आईटीआई चौराहे से सातनपुर मंडी तक करीब एक महीने से सीसी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, लगभग 15 दिनों से सड़क का एक हिस्सा ऊंचा और दूसरा हिस्सा नीचा होने के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा ट्रकों को भी निकलने में दिक्कत होती है। सड़क के असमान होने से यातायात बाधित होने की स्थिति बन रही है और हादसों की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क को समतल कराने और निर्माण कार्य व्यवस्थित ढंग से पूरा करने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर ऊंचाई के अंतर को जल्द दूर किया जाना चाहिए, ताकि वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े और भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
सड़क की ऊंचाई में अंतर से पलटी धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, तीन लोग बाल-बाल बचे


