महामंत्री, कोषाध्यक्ष और एडिटर पद पर नहीं होगा मतदान
अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
बार सदस्यों में चुनाव को लेकर बढ़ा उत्साह
फर्रुखाबाद। टैक्स बार एसोसिएशन के चुनाव में इस बार दिलचस्प राजनीतिक और पेशेवर समीकरण उभरकर सामने आए हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन महत्वपूर्ण पदों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय हो गया है, जबकि अध्यक्ष समेत कई पदों पर मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है।
उप चुनाव अधिकारी राकेश सक्सेना के अनुसार सात पदों के लिए कुल 15 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। इनमें महामंत्री, कोषाध्यक्ष और एडिटर पद के लिए केवल एक-एक प्रत्याशी मैदान में होने के कारण इन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।
महामंत्री पद पर राम जी वाजपेई अकेले उम्मीदवार हैं। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए सुनीता कटिहार और एडिटर पद पर आशीष गुप्ता ने एकमात्र नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में इन तीनों पदों पर मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
सबसे अधिक नजरें अध्यक्ष पद पर टिकी हुई हैं, जहां रामकुमार अग्रवाल, प्रवीण कुमार माथुर और सुतीक्ष्ण कुमार तिवारी के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के संकेत मिल रहे हैं। बार एसोसिएशन के गलियारों में इस चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
उपाध्यक्ष पद पर प्रमोद कुमार त्रिपाठी, कमलेंद्र कुमार और राज गौरव पांडेय ने दावेदारी पेश की है। सचिव पद के लिए दलपत सिंह, अविनाश दुबे और बार राजगुरु पांडेय मैदान में हैं। वहीं पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर दीपांशु मिश्रा और सहाबुल इस्लाम सिद्दीकी के बीच सीधा मुकाबला संभावित माना जा रहा है।
उप चुनाव अधिकारी राकेश सक्सेना ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि अधिक से अधिक पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो सके, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान कराया जाएगा।
चुनाव को लेकर टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्यों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें अध्यक्ष और अन्य प्रमुख पदों पर संभावित चुनावी मुकाबले पर टिकी हुई हैं।


