कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर हादसे के बाद मची चीख-पुकार
जन्मदिन समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे टेंपो सवार
टक्कर इतनी भीषण कि मुख्य मार्ग पर लगा जाम
कायमगंज/फर्रुखाबाद। कायमगंज-फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव मीरपुर कमरुद्दीन नगर के सामने सड़क किनारे एक टेंपो खड़ा था। तभी तेज गति से आ रही कार संख्या UP 76 AP 3233 ने टेंपो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो में बैठे लोग उछल पड़े और घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया।
अस्पताल में भर्ती टेंपो चालक मयंक निवासी मोहम्मदाबाद ने बताया कि वह एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने कायमगंज क्षेत्र के गांव नगला पल आया था। गांव निवासी सरवन कुमार की मौसी की बेटी किरन के पुत्र का जन्मदिन समारोह आयोजित था, जिसमें शामिल होने के बाद परिवार के लोग लौट रहे थे।
सीएचसी में तैनात डॉ. विपिन सिंह ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बनी हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।


