फर्रुखाबाद। जनपद में कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली में तेजी लाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वसूली शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी विभाग नियमित प्रवर्तन अभियान चलाकर बकायेदारों से प्रभावी वसूली करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वसूली कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रतिदिन वसूली की समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा हो सके।
बैठक में वाणिज्य कर, स्टाम्प एवं पंजीयन, आबकारी, परिवहन, विद्युत, खनन, मंडी समिति सहित अन्य राजस्व अर्जित करने वाले विभागों की समीक्षा की गई। जिन विभागों की वसूली अपेक्षाकृत कम पाई गई, उन्हें विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में अवैध खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग प्रवर्तन कार्रवाई तेज करें और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाएं। साथ ही लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से संतोषजनक फीडबैक भी अनिवार्य रूप से लिया जाए, ताकि शिकायत निवारण व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, सभी उपजिलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


