लखनऊ। राजधानी के सैरपुर थाना क्षेत्र में कथित अवैध खनन को लेकर विवाद गहरा गया है। चिनहट ब्लॉक प्रमुख उषा सेन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत पत्र भेजकर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन होने का आरोप लगाया है। शिकायत में स्थानीय पुलिस पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
ब्लॉक प्रमुख का आरोप है कि सैदापुर, टटापुरवा, पल्हरी और लोधमऊ क्षेत्रों में रातभर अवैध खनन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह गतिविधियां प्रशासन की जानकारी के बावजूद जारी हैं, जिससे सरकारी भूमि और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है।
शिकायत पत्र में सैरपुर थाने में तैनात सिपाही अंकित पर कथित साठगांठ का आरोप लगाया गया है। साथ ही थाना प्रभारी पर भी अवैध खनन को संरक्षण देने के आरोप लगाए गए हैं।
ब्लॉक प्रमुख ने यह भी दावा किया है कि नैमिष नगर योजना की भूमि पर चोरी-छिपे खनन किया जा रहा है, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
अवैध खनन पर सियासी और प्रशासनिक घमासान, ब्लॉक प्रमुख ने सीएम से की शिकायत


