फर्रुखाबाद। जनपद में 79वां स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 को उत्सव एवं सम्मानपूर्वक मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह ने सभी संबंधित विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि राष्ट्रीय पर्व गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जा सके।
जारी आदेश के अनुसार 15 अगस्त को प्रातः 7:30 बजे लोक निर्माण विभाग कार्यालय, कचहरी के सामने स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर जिलाधिकारी द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा।
इसके बाद डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष/महिला) माल्यार्पण करेंगे, जबकि ताजमहल चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष माल्यार्पण करेंगे।
प्रशासन ने नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों एवं विकास खंड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई, चूना छिड़काव, पुष्प सज्जा और आसपास की स्वच्छता समय से सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आदेश के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, उप जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।


