– विधान परिषद सदस्य अन्नपूर्णा सिंह और पूर्व सदस्य बृजेश सिंह ने स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
– दो दशक से दिव्यांगजनों के कल्याण में दे रहे योगदान
वाराणसी।दिव्यांगजनों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने वाले वरिष्ठ मनोचिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. मनोज कुमार तिवारी को सम्मानित किया गया। विधान परिषद सदस्य श्रीमती अन्नपूर्णा सिंह और पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प माह के अंतर्गत आयोजित सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 टी-20 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में दिया गया।
इस टूर्नामेंट का आयोजन भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ और ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा, खेल भावना और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. मनोज तिवारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यक्तिगत हितों के साथ सामाजिक हितों के लिए भी कार्य करना चाहिए। दिव्यांगजनों के कल्याण और उनके अधिकारों के लिए काम करना ईश्वरीय कार्य करने के समान है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को दिव्यांगजनों की प्रतिभा को पहचानने, उन्हें समान अवसर देने और उनके आत्मसम्मान को मजबूत करने के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने दिव्यांग खेलों को प्रोत्साहित करने की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि खेल दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
डॉ. मनोज कुमार तिवारी पिछले 20 वर्षों से दिव्यांगजनों के कल्याण, पुनर्वास और जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। वह पिछले आठ वर्षों से ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिताओं में मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
उन्होंने दिव्यांगता के विभिन्न पहलुओं पर लेखन करते हुए ‘दिव्यांगता : समग्र उपागम’ सहित 12 पुस्तकों की रचना की है। इसके अलावा अनेक पुस्तकों में अध्याय लेखन भी किया है। वह भारतीय पुनर्वास परिषद, नई दिल्ली में पंजीकृत मनोवैज्ञानिक हैं और दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संस्थाओं को सहयोग प्रदान करते रहे हैं।
डॉ. तिवारी सतत पुनर्वास शिक्षा, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जागरूकता गतिविधियों में व्याख्यान देते हैं। दिव्यांगजनों के अधिकारों, उनकी समस्याओं और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विषयों पर उनके लेख राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार पत्रों तथा पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहे हैं।
डॉ. मनोज तिवारी मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों को परामर्श उपलब्ध कराने के लिए भी सक्रिय हैं। उनके द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस, प्रांतीय सशस्त्र बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, रेलवे सुरक्षा बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, अग्निशमन विभाग, राष्ट्रीय कैडेट कोर और राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े लोगों के लिए निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किए जाते हैं।
इसके साथ ही दिव्यांगजनों, बंदीजनों, गरीब महिलाओं, विद्यार्थियों और अन्य जरूरतमंद वर्गों के लिए भी निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल की जाती है।
समारोह में भाजपा के काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा, ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया, आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह, कृपानंद महाराज, अनिल शास्त्री और नवरत्न राठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि डॉ. मनोज तिवारी को इससे पहले भी उत्तर प्रदेश सरकार के खेल मंत्री सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। दिव्यांगजनों के अधिकारों, पुनर्वास, मानसिक स्वास्थ्य और खेलों को बढ़ावा देने के क्षेत्र में उनका निरंतर योगदान समाज में समावेशिता और समान अवसरों की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


