लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के देहात क्षेत्र में शनिवार देर रात दुर्गा मंदिर के सामने दर्दनाक हादसा हो गया। आरती समाप्त होने के बाद कुछ ग्रामीण सड़क किनारे टेंट के नीचे पर्दे पर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान गौरा चौराहे की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर लोगों पर चढ़ गई।
हादसे में गांव निवासी पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) की मौत हो गई। वहीं, छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) घायल हो गए। सभी घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में दो लोगों को बहराइच रेफर कर दिया गया। अन्य दो का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। सीओ अभिषेक सिंह के मुताबिक, पुलिस ने हादसे में शामिल कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जानकारी में चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।
बलरामपुर में दुर्गा मंदिर के सामने बेकाबू कार ने ग्रामीणों को रौंदा, तीन की मौत; चार घायल


