लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट नंबर-3 पर रविवार दोपहर ABVP के करीब 200 कार्यकर्ता जुटे। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी, AISA और अन्य संगठनों के प्रदर्शनों का विरोध करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को गैरकानूनी बताया।
लखनऊ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने रविवार को कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन किया। भगवा झंडे और पटके पहनकर पहुंचे कार्यकर्ताओं के हाथों में पोस्टर थे। उन्होंने ‘लोकतांत्रिक संस्थानों पर हमला नहीं सहेंगे’ और ‘कॉकरोच पार्टी मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान ‘तुम वामपंथ से तोड़ोगे, हम राष्ट्रवाद से जोड़ेंगे’ के नारे भी सुनाई दिए।
ABVP कार्यकर्ता नेहा बोरा, अभिजीत दीपके और ध्रुव राठी पर देश के खिलाफ काम करने के आरोप लगाते नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में हुए प्रदर्शनों को लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला बताया।
ABVP के अर्पण कुशवाहा ने कहा कि दिल्ली में जुटी कथित राष्ट्रविरोधी ताकतों के विरोध में कार्यकर्ता एकत्र हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नेहा बोरा पर निशाना साधते हुए कहा कि ABVP के सामने वह नहीं टिक पाएंगी।
वहीं, बुंदेलखंड से आए सूर्य प्रताप सेंगर ने AISA पर छात्रों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने ध्रुव राठी, अभिजीत दीपके और नेहा बोरा पर भी निशाना साधा। सेंगर ने आरोप लगाया कि ध्रुव राठी विदेश में भारत सरकार और देश की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
लखनऊ में ABVP का कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन, नेहा बोरा और ध्रुव राठी पर लगाए आरोप


