नवाबगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज में लंबे समय से खराब पड़े आरओ वाटर कूलर को आखिरकार ठीक कर दिया गया है। यह कार्रवाई मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद हुई, जिससे मरीजों और तीमारदारों को बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि सीएचसी परिसर में लगे दो आरओ वाटर कूलर काफी समय से खराब थे। भीषण गर्मी के बीच अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को पीने के लिए ठंडा पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। इससे उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
इस समस्या को यूथ इंडिया ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होते ही नगर पंचायत नवाबगंज के अधिशासी अधिकारी प्रमोद कुमार ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल मरम्मत के निर्देश जारी किए।
अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर कर्मचारी अमित भारद्वाज अपनी टीम के साथ सीएचसी पहुंचे और खराब पड़े आरओ वाटर कूलर की मरम्मत कराई। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद अब अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध होने लगा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी जनसमस्याओं का इसी तरह समाधान किया जाएगा।


