फर्रुखाबाद ब्यूरो
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) फर्रुखाबाद के नए पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह देर शाम बघार स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया।समारोह में संगठन के इतिहास में पहली बार जिले की किसी महिला चिकित्सक को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।डॉ. कविता शर्मा ने अध्यक्ष पद की शपथ लेकर आईएमए की कमान संभाली,जबकि डॉ. इमरान अली ने सचिव पद का दायित्व ग्रहण किया।समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिविल जज सीनियर डिवीजन ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ.कविता शर्मा और सचिव डॉ.इमरान अली ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।इस अवसर पर आईएमए के नियमों एवं व्यवस्थाओं से संबंधित पुस्तक का भी विमोचन किया गया।अध्यक्ष पद संभालने के बाद डॉ.कविता शर्मा ने कहा कि चिकित्सकों की सुरक्षा,सम्मान और उनके लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।उन्होंने कहा कि अस्पतालों में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर चिकित्सकों का पक्ष भी गंभीरता से सुना जाना चाहिए।डॉक्टर और मरीज के बीच बेहतर समन्वय कायम करने की दिशा में भी संगठन प्रभावी प्रयास करेगा।उन्होंने कहा कि इस समय जिले के कई ग्रामीण क्षेत्र बाढ़ की चपेट में हैं।ऐसे में आईएमए सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बड़े स्तर पर चिकित्सा शिविर आयोजित करेगा।शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को चिकित्सकीय परामर्श,g%दवाएं और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।समारोह में पूर्व अध्यक्ष डॉ.विपुल अग्रवाल और पूर्व सचिव डॉ.प्रशांत श्रीवास्तव तथा डॉ.अनुराग अग्रवाल ने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों और वित्तीय विवरण की जानकारी दी। डॉ. विपुल अग्रवाल ने बताया कि आईएमए के प्रयासों से अस्पतालों के पंजीकरण की अवधि एक वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष कराने में सफलता मिली है।इस मौके पर रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शिश मेहरोत्रा, डॉ. अरविंद गुप्ता, डॉ. चटवाल, डॉ. बचानी, डॉ. प्रदीप माथुर सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंच संचालन वैभव सोमवंशी ने किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. रजनी सरीन की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। डॉ. अरविंद गुप्ता ने उपस्थित अतिथियों एवं चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आईएमए अध्यक्ष कविता शर्मा बोलीं चिकित्सकों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता


