अयोध्या के कार्यक्रम का तहसील सभागार में हुआ लाइव प्रसारण, राज्यमंत्री कैलाश राजपूत रहे मुख्य अतिथि
तिर्वा। अयोध्या में मंगलवार को आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान कार्यक्रम का तहसील सभागार में लाइव प्रसारण किया गया। दोपहर तीन बजे शुरू हुए कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन लाइव सुना। कार्यक्रम में ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
राज्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसके साथ ही उनके परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार कदम उठा रही है।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम वैशाली समेत तहसील प्रशासन के अधिकारियों ने राज्यमंत्री का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता की अपेक्षा परिवार विशेष तक अधिक सीमित रहता था, जबकि वर्तमान सरकार जनहित को प्राथमिकता दे रही है।


