29.9 C
Lucknow
Tuesday, July 21, 2026

तालाब में गिरा हाईटेंशन लाइन का तार, ग्रामीणों में दहशत; डीएम से लगाई सुरक्षा और बिजली बहाली की गुहार

Must read

शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रजलामई में हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर सरकारी तालाब में गिर जाने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। करीब एक माह से टूटा हुआ तार तालाब में पड़ा होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल तार को ठीक कराने, संभावित हादसे को रोकने तथा विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में अंबेडकर प्रतिमा के पीछे विजय डॉक्टर के मकान के पास स्थित सरकारी चकरोड से सटे तालाब के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजरती है। लगभग एक माह पहले लाइन का तार टूटकर सीधे तालाब में गिर गया था। इसके बाद से क्षेत्र के लोगों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब में पानी भरा होने के कारण यहां पशु-पक्षियों का आना-जाना लगा रहता है। कई ग्रामीण अपने मवेशियों को भी इसी क्षेत्र में ले जाते हैं। ऐसे में यदि लाइन में करंट प्रवाहित हो जाए तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि थोड़ी सी लापरवाही कई लोगों और बेजुबान पशुओं की जान पर भारी पड़ सकती है।
शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना दी गई, लेकिन अब तक न तो टूटे हुए तार को हटाया गया और न ही उसकी मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति सुचारु की गई। विभाग की कथित उदासीनता से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए, ताकि टूटे हुए हाईटेंशन तार को सुरक्षित तरीके से हटाकर लाइन की मरम्मत कराई जा सके और गांव की विद्युत व्यवस्था शीघ्र बहाल हो। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग की लापरवाही के चलते कोई जनहानि या पशुहानि होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article