अमृतपुर/फर्रुखाबाद,
थाना राजेपुर क्षेत्र अंतर्गत इटावा-बरेली हाईवे पर स्थित ब्रह्मदत्त सेतु के पास शुक्रवार को भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। जाम इतना लंबा था कि इसकी कतार गवरी मोड़ तक पहुंच गई, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और सैकड़ों वाहन घंटों तक फंसे रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेतु के आसपास सड़क पर बनी डबरी (गहरे गड्ढे) एवं मार्ग की जर्जर स्थिति के कारण वाहनों की रफ्तार अचानक धीमी हो गई। इसी बीच दोनों ओर से बढ़ते दबाव ने स्थिति को और बिगाड़ दिया, जिससे हाईवे पर महाजाम लग गया। जाम में बसें, ट्रक, निजी वाहन एवं एंबुलेंस तक फंसी रहीं।
भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसे यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। विशेषकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की स्थिति दयनीय हो गई। कई यात्रियों को पानी एवं आवश्यक सुविधाओं के अभाव में लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उक्त मार्ग पर डबरी एवं अव्यवस्थित यातायात की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसके समाधान के लिए न तो सड़क मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है और न ही संवेदनशील स्थानों पर स्थायी पुलिस तैनाती सुनिश्चित की गई है। इससे प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूचना प्राप्त होने पर थाना राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची तथा यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया। हालांकि, जाम की गंभीरता को देखते हुए यातायात सामान्य होने में काफी समय लग गया।


