लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के खड़ौहा गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि 75 वर्षीय छत्रपाल की मौत के बाद उनके इकलौते बेटे महेंद्र ने जमीन-संपत्ति के लालच में मृत पिता के हाथ का अंगूठा सादे कागजों पर लगवाया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
बताया गया है कि पिता के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, तभी बेटे और उसके चचेरे भाई ने कथित तौर पर मृतक के हाथ का अंगूठा कागजों पर लगवाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने जब यह दृश्य देखा तो उन्होंने मोबाइल फोन से इसकी रिकॉर्डिंग कर ली। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
रिपोर्टों के मुताबिक, छत्रपाल अपने बेटे और बहू से विवाद के बाद बेटियों के साथ रहने लगे थे। आरोप है कि उन्होंने अपनी करीब साढ़े छह बीघा जमीन में से एक-एक बीघा तीन बेटियों के नाम कर दी थी और बेटे-बहू को संपत्ति से बेदखल किए जाने की सार्वजनिक सूचना भी दी थी।
घटना ने पिता-पुत्र के रिश्ते और संपत्ति के लालच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस समय परिवार को अंतिम संस्कार की तैयारी करनी थी, उसी दौरान शव का अंगूठा कागज पर लगवाए जाने के आरोप ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अंगूठे का इस्तेमाल किस दस्तावेज के लिए किया गया और उससे कोई कानूनी लेन-देन हुआ या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


