फतेहपुर जिले के खागा तहसील क्षेत्र के चौकी चौराहा पर बुधवार को आर्यन चाय वाले की नई दुकान का उद्घाटन बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिससे पूरा कार्यक्रम राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का केंद्र बन गया।
उद्घाटन समारोह में सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव और प्रदेश सचिव जगनायक सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे। उनके साथ पूर्व विधायक मो. सफीर, पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन यादव और नगर पंचायत अध्यक्ष हठगांव मुन्ना यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान स्थानीय लोगों की भी अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।
कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण वह पल रहा जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा पहले दिए गए विशेष केतली में चाय तैयार की गई। आर्यन चाय वाले ने उसी केतली में चाय बनाकर नेताओं और कार्यकर्ताओं को परोसी, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
आर्यन के पिता शेषमान ने मौके पर आए पत्रकारों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को चाय परोसी। इस दौरान कई वरिष्ठ सपा नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने नए प्रतिष्ठान के लिए शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम को सफल बताया।
गौरतलब है कि 20 फरवरी को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने दौरे के दौरान इसी चाय की दुकान पर चाय पी थी, जिसके बाद यह दुकान चर्चा में आ गई थी। उस घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई और राजनीतिक बयानबाजी ने इस मामले को और सुर्खियों में ला दिया था।
अब एक बार फिर दुकान के उद्घाटन ने स्थानीय राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। कार्यक्रम को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया, वहीं यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है।


