33.5 C
Lucknow
Thursday, July 9, 2026

ट्रेन से कानपुर पहुंची राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, दीक्षांत समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कारों पर दिया जोर

Must read

कानपुर: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल (Governor) एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल (Anandiben Patel) गुरुवार को लखनऊ से कानपुर तक रेल यात्रा कर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के 41वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं। रेल यात्रा के माध्यम से उन्होंने सार्वजनिक परिवहन के उपयोग, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समारोह में 1,05,066 विद्यार्थियों को उपाधियां और 51 मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए गए, जिनमें 42 छात्राएं और 9 छात्र शामिल रहे।

दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने कानपुर नगर और देहात के लिए कुल 500 आंगनबाड़ी किट वितरित कीं तथा 800 बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक वर्ष के भीतर प्रदेश में एचपीवी टीकाकरण अभियान को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को आवश्यक संसाधनों से सशक्त बनाया जाए।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों में मोबाइल मेडिकल केयर वैन शुरू करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे गोद लिए गए गांवों और विद्यार्थियों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों में गर्भ संस्कार पाठ्यक्रम, अशिक्षित महिलाओं के लिए साक्षरता अभियान, स्वच्छ एवं नशामुक्त परिसर, जल संरक्षण और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप आधारभूत ढांचे के विकास के निर्देश भी दिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन पुस्तकालय में अध्ययन करने, अपने विचार लिखने और समाज व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही विश्वविद्यालयों को बीच में पढ़ाई छोड़ चुके विद्यार्थियों को कौशल विकास से जोड़ने, डिजिटल लॉकर के माध्यम से डिग्रियां उपलब्ध कराने और नवाचार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

दीक्षांत समारोह से पहले राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में आयोजित स्टार्टअप एक्सपो का अवलोकन किया, पांच परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 10 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट शिक्षकों, नवप्रवर्तकों, खिलाड़ियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रो. योगेश सिंह तथा कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद, अधिकारी और विद्यार्थी समारोह में उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article