– पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगाए थे हथियार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी एवं हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी पंजाब और एक दिल्ली से पकड़ा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी पाकिस्तान में बैठे आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर काम कर रहे थे।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों ने दिल्ली-एनसीआर में आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रची थी। इसके लिए धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों और अन्य संवेदनशील स्थानों की रेकी भी की गई थी। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इनके निशाने पर कौन-कौन से स्थान थे और इस साजिश में अन्य कौन लोग शामिल थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल और नौ कारतूस बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में पहुंचाए गए थे, जिन्हें बाद में नेटवर्क के सदस्यों तक पहुंचाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शुभदीप सिंह को अमृतसर से पकड़ा गया है। वहीं गुरजंट सिंह और साजन सिंह के कब्जे से अत्याधुनिक जिगाना पिस्टल बरामद होने का दावा किया गया है। एक अन्य आरोपी गगनप्रीत के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क केवल हथियारों की तस्करी तक सीमित नहीं था, बल्कि देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की भी तैयारी कर रहा था। आरोपियों के मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और संपर्कों की गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में विभिन्न राज्यों में छापेमारी की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


