फर्रुखाबाद। जहानगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह खेत की जुताई के दौरान एक युवक को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। फिलहाल युवक की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, जहानगंज थाना क्षेत्र के महमदपुर अमलैया गांव निवासी कमलेश कुमार (20) पुत्र रामनरेश मंगलवार सुबह ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान अचानक एक सांप ट्रैक्टर पर चढ़ आया और उसके पैर में डस लिया। शुरुआत में कमलेश को घटना का ज्यादा अहसास नहीं हुआ, लेकिन कुछ ही देर बाद उसे चक्कर आने लगे और तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
परिजनों ने युवक की हालत गंभीर होते देख उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल पहुंचाया। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने सर्पदंश की पुष्टि होने पर तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया और आवश्यक दवाएं दीं।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, समय रहते अस्पताल पहुंचने से युवक की हालत में सुधार है। एहतियात के तौर पर उसे डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती रखा गया है। होश में आने के बाद कमलेश ने बताया कि ट्रैक्टर चलाते समय अचानक सांप उसके पास आ गया और पैर में डस लिया। इसके बाद कुछ ही देर में उसे चक्कर आने लगे और उसकी हालत बिगड़ गई। चिकित्सक लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।


