संभल जनपद में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। मोबाइल नंबर गुम होने, केवाईसी प्रक्रिया अधूरी रहने और बुकिंग के बाद भी समय पर सिलेंडर न मिलने जैसी समस्याओं ने आम लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। हालात यह हैं कि लोग गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं और कई परिवारों के सामने खाना बनाने का संकट खड़ा हो गया है।
शनिवार को कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हल्लू सराय स्थित डोड़ा गैस एजेंसी पर भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही सैकड़ों उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे रहे। शाम करीब 5 बजे तक एजेंसी द्वारा 500 से अधिक सिलेंडरों का वितरण किया गया, लेकिन इसके बावजूद 100 से ज्यादा लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा, जिससे उनमें नाराजगी देखी गई।
उपभोक्ताओं का कहना है कि जिनका मोबाइल नंबर खो गया है या बंद हो गया है, उन्हें बुकिंग और ओटीपी प्राप्त करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते केवाईसी प्रक्रिया भी अधूरी रह जा रही है और उन्हें गैस नहीं मिल पा रही। कई परिवार ऐसे हैं जिनके घरों में पिछले कई दिनों से गैस खत्म है और वे मजबूरी में चूल्हे पर खाना बना रहे हैं या होटल से भोजन मंगा रहे हैं।
नई बस्ती के वेद प्रकाश ने बताया कि उनका बुकिंग वाला मोबाइल नंबर खो गया है, जिससे उन्हें ओटीपी नहीं मिल पा रहा और गैस सिलेंडर नहीं दिया जा रहा। वहीं हातिम सराय निवासी मोहम्मद समीर और नजरुद्दीन जैसे उपभोक्ताओं ने भी शिकायत की कि बुकिंग होने के बावजूद उन्हें समय पर गैस नहीं मिल रही है और उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
इस मामले में गैस एजेंसी प्रबंधक गौरव डोड़ा का कहना है कि प्रतिदिन लगभग 700 सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है और किसी प्रकार की बड़ी कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि सेल्स मैनेजर द्वारा बैकलॉग की गैस दूसरी एजेंसी को दिए जाने के कारण कुछ दिनों के लिए समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। हालांकि, उपभोक्ताओं की परेशानियां फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं।


