फर्रुखाबाद। जनपद के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए अच्छी खबर है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पाण्डेय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत आवेदन करने की अवधि 16 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10+2 (इंटरमीडिएट) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट http://www.obccomputertrainig.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदन पत्र की दो प्रतियां सभी आवश्यक संलग्नकों के साथ जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-12, विकास भवन, फतेहगढ़ में जमा करना अनिवार्य होगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर 8545864474 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने पात्र युवक-युवतियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।


