32 C
Lucknow
Sunday, April 26, 2026

होमगार्ड भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा उजागर, नकली प्रवेशपत्र के साथ अभ्यर्थी गिरफ्तार, साथी पर भी केस दर्ज

Must read

 

एटा

जिले में आयोजित यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026 के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। डीएवी इंटर कॉलेज, सकीट परीक्षा केंद्र पर पहली पाली में चेकिंग के दौरान एक अभ्यर्थी को नकली प्रवेशपत्र के साथ गिरफ्तार किया गया, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी तेजवीर पुत्र निवासी गांव घूचा, थाना सादाबाद, जिला हाथरस का रहने वाला है। वह परीक्षा देने के लिए फर्जी प्रवेशपत्र लेकर केंद्र पर पहुंचा था। गेट पर चेकिंग और बायोमेट्रिक मिलान के दौरान जब उसके दस्तावेजों की जांच की गई, तो उसका डाटा सिस्टम से मेल नहीं खाया। प्रवेशपत्र पर मौजूद बारकोड को स्कैन करने पर भी कोई रिकॉर्ड सामने नहीं आया, जिससे संदेह गहराया और तत्काल उसे हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में आरोपी तेजवीर ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसने होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन किया था, लेकिन तकनीकी कारणों से फीस जमा नहीं हो सकी, जिससे उसका आवेदन निरस्त हो गया। इसके बाद उसने किसी अन्य अभ्यर्थी का प्रवेशपत्र हासिल कर लिया और लोकवाणी केंद्र संचालक अभिषेक उर्फ गोलू निवासी गांव मई, थाना सादाबाद (हाथरस) की मदद से उसमें अपनी फोटो और अन्य विवरण जोड़कर नकली प्रवेशपत्र तैयार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि आरोपी के पास से फर्जी प्रवेशपत्र और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। इस मामले में केंद्र प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह की तहरीर पर थाना सकीट में तेजवीर और उसके साथी अभिषेक उर्फ गोलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है, ताकि इस तरह के फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।
इस घटना के बाद प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और जांच व्यवस्था को और सख्त कर दिया है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके। वहीं, अभ्यर्थियों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध या गलत तरीके से परीक्षा में शामिल होने की कोशिश न करें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article