देवास: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के देवास जिले में गुरुवार सुबह एक पटाखा कारखाने में हुए भीषण धमाके (massive explosions) में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि धमाके का सटीक कारण अभी तक अज्ञात है। धमाके की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और राहत दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। आग बुझाने के लिए देवास और उज्जैन जिलों से दमकल गाड़ियां भेजी गईं।
देवास के माक्सी रोड स्थित टोंक कलां इलाके में सुबह करीब 11:30 बजे हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल छा गया। कारखाने से धुएं का विशाल गुबार उठता देखा गया और स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी और राहत दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। आसपास के गांवों के लोग भी बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। आग बुझाने के लिए देवास और उज्जैन जिलों से दमकल गाड़ियां भेजी गईं। बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है और प्रशासन एवं पुलिस की टीमें राहत कार्य में सक्रिय रूप से लगी हुई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कई लोगों की हालत बेहद गंभीर है। घायलों को कारखाने के अंदर से निकालकर देवास जिला अस्पताल ले जाया गया। इस बीच, अस्पताल के कर्मचारियों को सतर्क कर दिया गया ताकि गंभीर रूप से घायलों के पहुंचते ही उनका इलाज शुरू किया जा सके। स्थानीय लोगों को आशंका है कि दुर्घटना की भयावहता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, 12 गंभीर रूप से घायल मरीजों का फिलहाल जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि 11 मरीजों को इंदौर रेफर किया गया है।


