30.3 C
Lucknow
Saturday, August 8, 2026

कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा, शिवरात्रि तक जारी रहेगी फूलों की बारिश: सीएम योगी

Must read

मेरठ। कांवड़ यात्रा के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचते ही पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। करीब 24 मिनट तक मुख्यमंत्री कतारबद्ध होकर गुजर रहे कांवड़ियों और झांकियों पर फूल बरसाते रहे। शिवभक्तों में मुख्यमंत्री को देखने और उनकी तस्वीर लेने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। इस बार शिवरात्रि पर करीब साढ़े चार करोड़ श्रद्धालुओं के भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि तक कांवड़ मार्ग पर लगातार पुष्पवर्षा की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद से हरिद्वार तक शिवभक्तों का सैलाब आस्था और समर्पण का प्रतीक है। मुजफ्फरनगर के शिवचौक, मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर, बागपत के पुरा महादेव मंदिर और गाजियाबाद के दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

उन्होंने बताया कि दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों से लाखों शिवभक्त कांवड़ यात्रा में शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने यात्रा के सफल संचालन के लिए पुलिस और प्रशासन की तैयारियों की सराहना करते हुए शिवभक्तों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाया। मंच से मुख्यमंत्री ने पुष्पवर्षा की, जबकि अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर से भी कांवड़ियों पर फूल बरसाए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article