34.6 C
Lucknow
Wednesday, June 10, 2026

बाड़े में बंधी पांच भेड़ों की गला रेतकर हत्या, एक गंभीर

Must read

 

औरैया

दिबियापुर क्षेत्र के मधवापुर गांव में शनिवार रात एक रहस्यमयी घटना ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। गांव के पशुपालक कालीचरण चक्रवर्ती की पांच भेड़ों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि एक भेड़ गंभीर रूप से घायल पाई गई। इस घटना से जहां पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, वहीं पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बताया गया कि कालीचरण चक्रवर्ती रोज की तरह शनिवार रात अपनी भेड़ों को घर के पीछे बने सुरक्षित बाड़े में बांधकर सो गए थे। लेकिन रविवार सुबह जब वह भेड़ों को चराने के लिए बाड़े में पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गए। पांच भेड़ें मृत अवस्था में पड़ी थीं, जबकि एक भेड़ बुरी तरह घायल थी और तड़प रही थी। यह दृश्य देखकर उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों के अनुसार मृत भेड़ों के शरीर पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जो किसी धारदार हथियार से किए गए प्रतीत होते हैं। हालांकि कुछ लोगों ने इस घटना को किसी जंगली या हिंसक जानवर के हमले की आशंका भी जताई, लेकिन जिस प्रकार से घाव पाए गए हैं, उससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कंचौसी चौकी पुलिस और दिबियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पशुपालक कालीचरण ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम कराने की भी मांग उठाई है, ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।
थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायन त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पशु चिकित्सक को बुलाया गया है और मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह घटना किसी जंगली जानवर के हमले का परिणाम है या फिर इसके पीछे कोई और साजिश है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article