34.6 C
Lucknow
Wednesday, June 10, 2026

प्रीमियम पेट्रोल महंगा, सादे पेट्रोल पर भी बढ़ोतरी की आशंका—रविवार को पंपों पर टंकी फुल कराने उमड़ी भीड़

Must read

 

मैनपुरी

पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को लेकर रविवार को हलचल तेज रही, जब शनिवार आधी रात से प्रीमियम पेट्रोल के दामों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी लागू कर दी गई। खाड़ी देशों के बीच जारी तनाव और तेल आपूर्ति पर पड़े असर के चलते यह बढ़ोतरी की गई है, जिसका सीधा असर अब आम लोगों की जेब पर पड़ता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात 12 बजे से प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 102.02 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 104.02 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। हालांकि सादा पेट्रोल और डीजल के दाम फिलहाल स्थिर बने हुए हैं, लेकिन प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ने के बाद सादे पेट्रोल की कीमतों में भी जल्द बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
इसी संभावना के चलते रविवार को शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। वाहन चालक बढ़ती कीमतों से बचने के लिए अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराते नजर आए। कई जगहों पर सुबह से ही पंपों पर लाइन लग गई, जिससे अफरा-तफरी जैसा माहौल देखने को मिला।
उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले ही घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, ऐसे में पेट्रोल के दाम बढ़ना और भी मुश्किलें खड़ी करेगा। मुहल्ला कटरा निवासी आकाश कुमार ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। वहीं कचहरी रोड निवासी पल्लव जैन ने आशंका जताई कि सादे पेट्रोल के दाम भी जल्द बढ़ सकते हैं।
हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों ने फिलहाल सादे पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी से इनकार किया है। कचहरी रोड के संचालक घनश्यामदास गुप्ता ने बताया कि अभी तक कंपनियों की ओर से सादे पेट्रोल के दाम बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। वहीं करहल रोड के रोहित अग्रवाल ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना जरूरत घबराकर टंकी फुल न कराएं।
फिलहाल मैनपुरी में सादा पेट्रोल 94.95 रुपये प्रति लीटर और डीजल 88.8 रुपये प्रति लीटर की दर से मिल रहा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए आने वाले दिनों में कीमतों में और इजाफा होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में आम जनता की निगाहें अब तेल कंपनियों और सरकार के अगले फैसलों पर टिकी हुई हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article