शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। पवित्र हज यात्रा को लेकर क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल है। कस्बे से इस वर्ष पांच हाजी 28 अप्रैल की शाम लखनऊ के लिए रवाना होंगे, जहां से वे निर्धारित कार्यक्रम के तहत 30 अप्रैल को मदीना के लिए उड़ान भरेंगे।
हज यात्रा पर जाने वालों में अफरोज अंसारी, शमा अफरोज शेरवानी, शाहाना बेगम (पत्नी पतिन उद्दीन, मोहल्ला तराई), अशरफ अली (मोहल्ला गढ़ी) एवं उनकी पत्नी उजमा बेगम शामिल हैं। सभी हाजी अपने जीवन की इस महत्वपूर्ण धार्मिक यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
इस संबंध में मुफ्ती जफर अहमद कासमी ने बताया कि सभी यात्रियों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और वे तय कार्यक्रम के अनुसार लखनऊ से रवाना होकर मदीना पहुंचेंगे, जहां से हज की पवित्र प्रक्रिया की शुरुआत करेंगे। उन्होंने हाजियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और उनकी सकुशल यात्रा के लिए दुआ की।
हाजियों के रवाना होने की सूचना मिलते ही उनके परिजनों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोग उनके घर पहुंचकर मुबारकबाद दे रहे हैं और उनके लिए दुआएं कर रहे हैं। क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और आस्था का विशेष वातावरण देखा जा रहा है।
पांच हाजी हज यात्रा पर रवाना, 30 अप्रैल को मदीना पहुंचेंगे


