लखनऊ। राजधानी के वीआईपी इलाके बटलर पैलेस कॉलोनी में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब विधान परिषद सदस्य (MLC) विनीत सिंह के आवास में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार आग एमएलसी आवास के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। देखते ही देखते धुआं पूरे हिस्से में फैलने लगा, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग लगने से कुछ सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग किन कारणों से लगी, इसकी जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा, लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने भी मौके का निरीक्षण किया। वीआईपी क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।


