फर्रुखाबाद।
जनसुविधा के लिए बनाए गए शौचालय जब खुद बदहाली का शिकार हो जाएं, तो यह व्यवस्था पर सीधा सवाल खड़ा करता है। शहर के मुख्य मार्ग पर क्रिश्चियन इंटर कॉलेज की बाउंड्री के पास बना सुलभ शौचालय आज अपनी उपयोगिता खोकर कबाड़खाने में तब्दील हो चुका है। हालत यह है कि जहां आम जनता को राहत मिलनी चाहिए थी, वहां अब गंदगी और अव्यवस्था का अंबार लगा हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लाखों रुपये की लागत से निर्मित इस शौचालय का कुछ समय तक तो सही उपयोग हुआ, लेकिन धीरे-धीरे पास के एक दुकानदार ने इसे अपनी निजी जागीर समझ लिया। सुबह होते ही शौचालय के चारों ओर कबाड़ और सामान का अंबार लगा दिया जाता है, जिससे शौचालय पूरी तरह से उपयोग से बाहर हो चुका है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि यह शौचालय मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां रोजाना सैकड़ों लोगों का आवागमन रहता है। इसके बावजूद न तो नगर पालिका प्रशासन की नजर इस ओर जा रही है और न ही कोई जिम्मेदार कार्रवाई करने को तैयार है। वर्षों से यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल कागजों में सफाई अभियान चलाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों में इसको लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि जब जनसुविधाओं पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, तो उनकी देखरेख भी उतनी ही जरूरी है। यदि यही हाल रहा तो सरकार की योजनाएं सिर्फ दिखावा बनकर रह जाएंगी।
चेतावनी भरे स्वर में लोगों ने कहा है कि यदि जल्द ही इस अवैध कब्जे और गंदगी को हटाकर शौचालय को चालू नहीं कराया गया, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
कबाड़खाना बना मुख्य मार्ग पर बना सुलभ शौचालय ,जिम्मेदार मौन


