फर्रुखाबाद। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के तमाम दावों के बावजूद जाम की समस्या लगातार विकराल होती जा रही है। रेलवे स्टेशन से पल्ला मठिया होते हुए चौक तक का मुख्य मार्ग प्रतिदिन जाम की चपेट में रहता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रशासन और नगर पालिका द्वारा शहर को व्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं, लेकिन जाम की समस्या पर काबू नहीं पाया जा सका है। सड़क चौड़ीकरण का कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है, वहीं कई स्थानों पर लगाए गए ट्रैफिक सिग्नल भी यातायात को सुचारू करने के बजाय उल्टा बाधा बनते नजर आ रहे हैं।
मंगलवार को रेलवे स्टेशन क्षेत्र में हालात और बिगड़ गए, जब भारी जाम के चलते पूरे रेलवे रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घंटों तक वाहन रेंगते रहे और लोग जाम में फंसे रहने को मजबूर हो गए। इससे यात्रियों, दुकानदारों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर को महानगरों की तर्ज पर विकसित करने की कोशिशें तो की जा रही हैं, लेकिन ट्रैफिक प्रबंधन की ठोस योजना के अभाव में यह प्रयास अधूरे साबित हो रहे हैं। अतिक्रमण, संकरी सड़कें और बढ़ते वाहनों का दबाव जाम की बड़ी वजह बन रहे हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस रणनीति बनाई जाए। साथ ही नियमित ट्रैफिक नियंत्रण, अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण के कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता जताई है, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।
जाम से बेहाल फर्रुखाबाद, रेलवे स्टेशन से चौक तक रोज लग रहा लंबा जाम


