एटा
जिले के थाना नयागांव क्षेत्र के नगला डांडा गांव में रुपये के लेन-देन के विवाद ने एक किसान की जान ले ली। 36 वर्षीय राजकुमार की निर्मम हत्या कर उसका शव हाथ-पैर बांधकर झाड़ियों में फेंक दिया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना ने रिश्तों की संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक के परिजनों के अनुसार, राजकुमार ने अपनी मौसेरी सास कांता देवी को आर्थिक संकट के समय मदद के तौर पर करीब ढाई लाख रुपये उधार दिए थे। बताया जा रहा है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी पक्ष टालमटोल कर रहा था। इसी विवाद को लेकर राजकुमार 23 अप्रैल को थाना नयागांव में तहरीर देने भी गया था।
परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते मौसेरी सास और उसके परिवार के लोगों ने साजिश रचकर राजकुमार की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को हाथ-पैर बांधकर गांव के बाहर झाड़ियों में फेंक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी लेन-देन के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
इस वारदात ने क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


