32 C
Lucknow
Wednesday, May 27, 2026

अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा अभियान, कई शराब दुकानों पर औचक निरीक्षण

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा व्यापक प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ॰ अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी०पी० गुप्ता के पर्यवेक्षण में बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न शराब दुकानों पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।
जानकारी के अनुसार आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने अपनी टीम के साथ जनपद के कई आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान देशी शराब दुकान तलैया लेन, नेकपुर चौरासी, आवास विकास, कम्पोजिट शॉप फतेहगढ़ चौराहा तथा मॉडल शॉप आवास विकास की सघन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का मिलान अभिलेखों से किया गया तथा बिक्री व्यवस्था की पड़ताल की गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली, पीओएस मशीन से होने वाली बिक्री तथा दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की। निरीक्षण टीम ने पाया कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी अभिलेखों को अद्यतन रखना आवश्यक है। इस संबंध में संबंधित अनुज्ञापियों को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आबकारी विभाग की टीम ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी दुकान पर अनियमितता, अवैध बिक्री या रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखने और अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिला आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ यह प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य अवैध मदिरा पर पूरी तरह अंकुश लगाना तथा शासन की नीतियों के अनुरूप पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article