29 C
Lucknow
Friday, September 18, 2026

गंगा का पानी घटते ही तेज हुआ कटान, ग्रामीणों की धड़कनें तेज

Must read

घरों से महज 100 मीटर दूर पहुंचा नदी का पानी, ग्रामीणों ने बांध निर्माण की उठाई मांग
डीएम के निरीक्षण के बाद भी सिंचाई विभाग की टीम के न पहुंचने का आरोप
अमृतपुर फर्रुखाबाद अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव करनपुर घाट में बाढ़ का पानी कम होने के साथ ही गंगा नदी ने कटान शुरू कर दिया है। नदी का पानी घटते ही कटान तेज होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गंगा का पानी अब उनके घरों से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर है। यदि कटान इसी तरह जारी रहा तो कई घरों पर खतरा मंडरा सकता है।
ग्रामीण रामलाल ने बताया कि पहले चारों तरफ बाढ़ का पानी भरा हुआ था। अब गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन पानी घटने के साथ ही कटान बढ़ता जा रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीण रामसखी, धर्मेंद्र, जितेंद्र, अनूप, रेखा रानी समेत अन्य लोगों ने बताया कि बाढ़ के दौरान भी उन्हें पर्याप्त राहत नहीं मिल सकी। ग्रामीणों ने मांग की कि क्षेत्र में स्थायी बांध का निर्माण कराया जाए, जिससे हर वर्ष बाढ़ और कटान से उनके घरों और जमीनों को बचाया जा सके। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार समस्या बताए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बीते दिन जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने करनपुर घाट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को कटान की समस्या से अवगत कराया। बताया गया कि जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्देश के बावजूद सिंचाई विभाग का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचकर कटान की स्थिति देखने नहीं आया। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि यदि समय रहते कटान रोकने के उपाय नहीं किए गए तो स्थिति गंभीर हो सकती है। उनका कहना है कि गांव के नजदीक कटान बढ़ने के बाद ही विभागीय अमला सक्रिय होगा, तब तक काफी नुकसान हो चुका होगा।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गंगा किनारे तत्काल कटानरोधी कार्य शुरू कराया जाए और स्थायी समाधान के लिए बांध निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article