नई दिल्ली: दिल्ली का बक्करवाला (Bakkarwala) शनिवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। पुलिस और बदमाश के बीच एनकाउंटर में दिल्ली पुलिस स्पेशल स्टाफ (Delhi Police Special Staff) हिमांशु भाऊ गैंग का कुख्यात बदमाश आशीष बक्करवाला गिरफ्तार करने में सफल हुई। आशीष बक्करवाला कुख्यात ऑटो लिफ्टर मनोज बक्करवाला का बेटा है। पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक आशीष बक्करवाला पर हत्या समेत आठ से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह चार मामलों में वांछित चल रहा था। दिल्ली पुलिस के अनुसार, वह कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के लिए काम कर रहा था। कार्रवाई की जानकारी देते हुए दिल्ली स्पेशल स्टाफ ने बताया कि कुख्यात अपराधी आशीष के अपने गांव बक्करवाला आने की खुफिया सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर जाल बिछाया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की तरफ से की गई त्वरित जवाबी कार्रवाई में आशीष घायल हो गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान दोनों तरफ से दो-दो राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आशीष बक्करवाला का पुराना आपराधिक इतिहास है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हत्या के मामले में जेल की सजा काटकर बाहर आने के बाद वह कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग में शामिल हो गया था और उसी के इशारे पर वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पकड़े गए इस शातिर अपराधी पर दिल्ली के विभिन्न थानों में आठ से भी अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे वक्त से पुलिस की गिरफ्त से दूर था और चार गंभीर मामलों में वांछित (वांटेड) अपराधी के रूप में उसकी तलाश की जा रही थी। हाल ही में 14 मई की रात को राजधानी के मुंडका, रनहोला और कंझावला इलाकों में जो ताबड़तोड़ फायरिंग की वारदातें हुई थीं, उन सभी मामलों में भी इस आरोपी का नाम मुख्य रूप से सामने आया था।


