शमशाबाद, फर्रुखाबाद। ढाईघाट-शमशाबाद मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में जीजा और साले गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों गंगा स्नान कर बाइक से वापस शमशाबाद लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक अज्ञात बुलेट सवार की कथित लापरवाही के चलते उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खड्ड में जा गिरी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार एटा जनपद के थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव भनऊ घाट निवासी राहुल उर्फ रणजीत पुत्र तोताराम अपनी ससुराल नगर पंचायत शमशाबाद के मोहल्ला सिकंदरपुर महमूद आए हुए थे। रविवार को वह अपने साले प्रवीण कुमार के साथ बाइक से ढाईघाट गंगा स्नान के लिए गए थे। स्नान के बाद दोनों वापस शमशाबाद लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब उनकी बाइक ढाईघाट-शमशाबाद मार्ग पर ग्राम कासिमपुर तराई के निकट स्थित एक दुग्ध डेयरी के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक बुलेट सवार ने ओवरटेक करने के प्रयास में अचानक कट मार दिया। इससे राहुल की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी।
हादसे में राहुल और प्रवीण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आरोपित बुलेट सवार मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए घायलों को खड्ड से बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मियों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. अलीम अंसारी ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।
उधर, हादसे की सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। थाना पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गंगा स्नान कर लौट रहे जीजा-साले सड़क हादसे में घायल


