मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। इटावा-बरेली हाईवे पर सड़क हादसे में साइकिल सवार 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना जहानगंज क्षेत्र के नगला खुरु गांव निवासी बली सिंह (75) अपनी साइकिल से पैतृक गांव गाजियांपुर से वापस घर लौट रहे थे। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर स्थित दीपक ढाबा के सामने सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बली सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर डायल 112 और डायल 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोहम्मदाबाद लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. जितेंद्र यादव ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस फरार बस व चालक की तलाश में जुटी है।
मृतक बली सिंह खेती-किसानी करते थे। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने पीछे तीन पुत्र- रामवीर (40), ओमवीर (36) और सुनील (32) को छोड़ गए हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


